सारी दुनिया। पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के जल्द ही जेल से रिहा होने के आसार हैं। अभी पैरोल पर तिहाड़ जेल से बाहर चल रहे चौटाला अपनी 10 साल की सज़ा में से ज्यादातर पूरी कर चुके हैं। उनकी कुछ माह की सज़ा ही शेष रहती है, जिसे माफ करके उन्हें रिहा कर दिया जाएगा। असल में जीएनसीटी, दिल्ली ने उन दोषियों को 06 महीने की विशेष छूट के संबंध में एक आदेश पारित किया है, जिन्हें 10 साल की सजा सुनाई गई है और वे नियमित छूट सहित साढ़े नौ साल की हिरासत पूरी कर चुके हों। चौटाला भी इस विशेष छूट के दायरे में आते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने 9 साल 6 महीने की अपनी सजा पूरी कर ली है। वे इस साल के शुरू से ही पैरोल पर जेल से बाहर हैं। उनकी पैरोल की अवधि को COVID-19 की गंभीर स्थिति के चलते बार-बार बढ़ाया जाता रहा। अब रिहाई के लिए उन्हें जेल में सरेंडर करना होगा। इसके बाद उन्हें मुक्त कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला को जनवरी 2013 में रोहिणी की अदालत ने जेबीटी भर्ती घोटाले में दोषी करार दिया गया था। इसमें उन्हें 10 साल की सजा हुई थी।