खेल मंत्रालय ने जंप रोप गेम को भी खेलो इंडिया के ई-पाठशाला प्रोग्राम में शामिल कर लिया है। केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू द्वारा की गई इस आशय की घोषणा का स्वागत करते हुए हरियाणा जंप रोप संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. दीपक भारद्वाज ने कहा कि खेलो इंडिया की ई-पाठशाला में जंप रोप को शामिल किए जाने से इस खेल की लोकप्रियता बढ़ेगी और अधिक से अधिक खिलाड़ी इस खेल को अपनाएंगे। साथ ही, जंप रोप के खेल से जुड़े कोच और खिलाड़ियों को इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने के लिए नया प्लेटफार्म भी मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा के जंप रोप खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत के बल पर देश में अपनी एक खास पहचान बनाई है। अब खेल मंत्रालय द्वारा इस तरह की मान्यता मिलने से उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के और अधिक मौके मिलेंगे। डॉ. भारद्वाज ने कहा कि उनका संघ लंबे समय से जंप रोप को खेलो इंडिया के कैलेंडर में शामिल करवाने के लिए प्रयासरत था। अब उनकी यह मांग पूरी हुई है, जिसके लिए वे केंद्रीय खेल मंत्री के विशेष आभारी हैं।
यह भी बता दें कि 2021 में होने वाले ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ का आयोजन हरियाणा में होना है। ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स -2021’ के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 13 नवंबर को एक उच्चस्तरीय बैठक की थी। इस बैठक में मुख्यमंत्री, खेल मंत्री और मुख्य सचिव की अध्यक्षता में तीन समितियों, क्रमश: मॉनिटरिंग कमेटी, कोर कमेटी और कार्यकारी समिति का गठन किया गया है।